कुंडा/प्रतापगढ़। पुलिस के शिकंजे से बचने के लिए अपने क्षेत्र में अपराध न करके सुदूर क्षेत्रों में व्यापारियों को निशाना बनाकर अपराध करने वाले बदमाशों को कुंडा पुलिस ने उनके ही क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया और उनको कुंडा उठा लाई। कुंडा लाने के बाद पुलिस ने बदमाशों को जेल भेज दिया।
मुरादाबाद जिले के रहने वाले मो.इदरीश पुत्र हकीम निवासी चक्कर की मिलक, थाना सिविल लाइन तथा मो.इदरीश पुत्र बन्ने मिस्त्री, निवासी कैलसा रोड, जारतवली मस्जिद के पीछे, थाना पाकबड़ा ने आपस में साजिश रचकर बीते 18 नवम्बर को कुंडा नगर पंचायत के रहने वाले सर्राफा व्यवसायी अखिलेश कुमार केसरवानी से टप्पेबाजी करतें हुए सोने की अंगूठी और जंजीर को लेकर फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज करके बदमाशों की खोजबीन में लग गई थी। बदमाशों ने सोचा था कि गृह जनपद से इतनी दूर अपराध करने पर स्थानीय पुलिस तो उनकी पहचान कर पायेगी और न ही उनको गिरफ्तार कर पाएगी लेकिन कुंडा पुलिस ने बदमाशों को उनके ही गृह जनपद से सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से बदमाशों को चक्कर की मिलक, थाना सिविल लाइन से गिरफ्तार कर लिया और उसके बाद बदमाशों को कुंडा उठा लाई। बदमाशों के पास से पुलिस ने दो मोबाइल एवं व्यापारियों को धोखा देने के लिए बनाई गई 40 ग्राम पिघली हुई धातु भी बरामद किया है। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने सभी बदमाशों को जेल भेज दिया। सीओ कुंडा अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि पुलिस टीम गठित करके बदमाशों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।
