दिल्ली के द्वारका में नारकोटिक्स टीम ने कर दिया एनकाउंटर! बदमाश गिरफ्तार
November 27, 2025
दिल्ली के द्वारका इलाके में गुरुवार को प्रशासन और बदमाश के बीच एनकाउंटर देखने को मिला है। जानकारी के मुताबिक, नारकोटिक्स टीम ने ये एनकाउंटर किया है। उन्होंने इस एनकाउंटर में हिमांशु भाऊ गैग के बदमाश और शूटर अंकित को धर दबोचा है और उसके पैर में गोली लगी है। इस बदमाश ने साल 2020 में हरियाणा पुलिस के एक कांस्टेबल को गोली मारी थी। गिरफ्तार किया गया बदमाश 25 हजार रुपये का इनामी भी है। जानकारी ये भी सामने आई है कि एनकाउंटर के दौरान एंटी नारकोटिक्स सेल द्वारका के एक HC कुलदीप बाल-बाल बच गए क्योंकि आरोपियों द्वारा चलाई गई गोली उनके बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी।
पुलिस ने इस घटना को लेकर बताया- 28 अक्तूबर 2025 को 04 व्यक्तियों ने रोहित लांबा नाम के एक शख्स पर गोलीबारी की थी। इसके बाद धारा 25/27 आर्म्स एक्ट, पीएस नजफगढ़ के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मामले में भाऊ गिरोह की संलिप्तता पाई गई। इस मामले में 04 अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि 02 मुख्य शूटर फरार हो गये थे और पुलिस उनकी गहनता से तलाश कर रही थी। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ और ह्यूमन इंटेलिजेंस से फरार आरोपियों की पहचान अंकित और दीपक के रूप में हुई। इसके बाद दिल्ली पुलिस द्वारा प्रत्येक आरोपी पर 25000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने बताया- "गुरुवार को एंटी नारकोटिक्स सेल द्वारका की टीम को खबर मिली कि अंकित नाम का एक आरोपी साईं बाबा मंदिर, नजफगढ़ के पास आ रहा है। इसके बाद एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने साईं बाबा मंदिर के पास बस स्टैंड के पास जाल बिछाया। करीब 08:05 बजे आरोपी अंकित बाइक पर आया और जब पुलिस पार्टी ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने भागने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पार्टी पर 03 राउंड फायरिंग की। एक गोली HC कुलदीप की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिस पार्टी ने भी सुरक्षा के लिए फायरिंग की और गोलीबारी के दौरान एक गोली आरोपी अंकित के दाहिने पैर में लगी।"
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान अंकित पुत्र सुरेंद्र, निवासी- गांव गोराड, सोनीपत, हरियाणा, उम्र 25 वर्ष के रूप में की गई है। वह पहले भी कई मामलों में शामिल रहा है। 2020 में उसने सीआईए, बहादुरगढ़ के कर्मचारियों पर गोलीबारी की और एक कांस्टेबल को घायल कर दिया था।
