प्रतापगढ़/बाबागंज। सड़क के किनारे सरकारी जमीन पर दबंग द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जे को लेखपाल ने तहसीलदार के आदेश के बाद बुलडोजर चलवाकर हटवा दिया। अवैध कब्जाधारक के खिलाफ हुई तत्काल कार्यवाही से अवैध कब्जाधारक सकतें में आ गया और मौके से फरार हो गया।
कुंडा तहसील के महेशगंज थाना क्षेत्र के रायगढ़ गांव में एक व्यक्ति ने सड़क के किनारे स्थित सरकारी जमीन को पहले तो पिलर और तार से घेर लिया और उसके बाद उसी जमीन पर वह गुरुवार को लोहे का एंगल गाड़कर उस पर टिन शेड रखकर कब्जा करके निर्माण करने लगा। इस बात की जानकारी जब ग्रामीणों को हुई तो उन्होंने मामलें की शिकायत तहसीलदार कुंडा अलख शुक्ला से कर दी। तहसीलदार ने क्षेत्रीय लेखपाल को तत्काल सरकारी जमीन से कब्जा हटवाने का आदेश दे दिया
। तहसीलदार द्वारा आदेश देने के बाद क्षेत्रीय लेखपाल आशीष कुमार मौर्य ने फोर्स लेकर सरकारी जमीन पर हो रहे अतिक्रमण को बुलडोजर चलवाकर हटवा दिया। इस दौरान अवैध अतिक्रमणकारी मौके से फरार हो गया। लेखपाल ने बताया कि गाटा संख्या 588 एवं 590 जो कि सरकारी भूमि है, उसी पर कब्जा किया जा रहा था।तहसीलदार द्वारा आदेश देने के बाद अवैध कब्जा हटवा दिया गया है।
