छत्तीसगढ़–आंध्र बॉर्डर पर 7 नक्सली ढेर
November 19, 2025
छत्तीसगढ़–आंध्रप्रदेश की सीमा पर चल रहे संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने 7 नक्सलियों को मार गिराया, जिनमें तीन महिला नक्सली भी शामिल हैं। सूत्रो के अनुसार इस मुठभेड़ में नक्सलियों के शीर्ष स्तर के नेता और पोलित ब्यूरो सदस्य देवजी के मारे जाने की सूचना भी सुरक्षा एजेंसियों को मिली है। मारे गए नक्सलियों से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। चार नक्सलियों की पहचान हो चुकी है, बाकी तीन की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
18 नवंबर को इसी इलाके में कुख्यात नक्सली सरगना हिड़मा को उसकी पत्नी सहित छह नक्सलियों के साथ ढेर किया गया था। उसी क्षेत्र में लगातार इनपुट मिल रहे थे कि कुछ वरिष्ठ नक्सली नेता अब भी मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने सघन अभियान जारी रखा। आज सुबह एक बार फिर सुरक्षा बलों का दल जब इलाके में आगे बढ़ा, तो घने जंगल के भीतर नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सात नक्सली मारे गए।
यह मुठभेड़ आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले के मारेदुमिली के जंगलों में हुई, जहां अभी भी सर्च ऑपरेशन व्यापक स्तर पर जारी है। टीमें इलाके के संवेदनशील हिस्सों को घेरकर तलाशी ले रही हैं ताकि किसी भी शेष नक्सली समूह को निकलने का अवसर न मिले।
दूसरी ओर आंध्र प्रदेश पुलिस ने कृष्णा, एलुरु, एनटीआर विजयवाड़ा, काकीनाडा और डॉ बीआर अंबेडकर कोनसीमा जिलों में 50 सीपीआई (माओवादी) कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। एडीजी इंटेलिजेंस महेश चंद्र लड्डा ने कहा- "कल के ऑपरेशन को जारी रखते हुए, हमने अब तक 50 सीपीआई (माओवादी) सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से ज्यादातर छत्तीसगढ़ क्षेत्र से और कुछ तेलंगाना से हैं। 50 में से 3 राज्य समिति सदस्य हैं, 5 डिवीजनल कमेटी सदस्य (डीसीएम) हैं, लगभग 17 एरिया कमेटी सदस्य हैं, और बाकी पार्टी सदस्य हैं। सभी माओवादी संगठन के सक्रिय सदस्य हैं। उनकी योजना क्षेत्र में माओवाद को पुनर्जीवित करने की थी। सटीक जानकारी के आधार पर, हमने कार्रवाई की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।"
