UPSC अभ्यर्थी की मौत का सनसनीखेज खुलासा, लिव-इन पार्टनर ने अपने Ex के साथ मिलकर रची थी खौफनाक हत्या की साजिश
October 27, 2025
दिल्ली के गांधी विहार इलाके में अक्टूबर के पहले सप्ताह में अग्निकांड की घटना हुई थी, जिसमें UPSC की तैयारी कर रहे एक युवक की मौत हो गई थी, जो अब खौफनाक हत्याकांड साबित हुई है। दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि हत्या थी, जिसे 'क्राइम वेब सीरीज़' से प्रेरित होकर अंजाम दिया गया।
तिमारपुर थाना पुलिस ने इस हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मृतक की लिव-इन पार्टनर और फॉरेंसिक साइंस की छात्रा अमृता चौहान (21), उसका पूर्व प्रेमी सुमित कश्यप (27) और एक अन्य साथी संदीप कुमार (29) शामिल हैं।
6 अक्टूबर 2025 की सुबह पुलिस को गांधी विहार की एक बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया, जिसके बाद अंदर से 32 वर्षीय रामकेश मीना का बुरी तरह जला हुआ शव बरामद हुआ। रामकेश मीना UPSC परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
मौके का मुआयना करने पर पुलिस को शक हुआ, जिसके बाद क्राइम टीम और FSL (फॉरेंसिक) टीम को बुलाया गया। आस-पास के CCTV फुटेज की जांच में पुलिस ने पाया कि 5 और 6 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब 2:20 बजे दो लोग मुंह ढककर बिल्डिंग में दाखिल हुए थे। करीब 2:57 बजे एक युवती अपने साथी के साथ वहां से निकलती दिखी, जिसकी पहचान बाद में अमृता चौहान के रूप में हुई। इसके कुछ ही मिनटों बाद बिल्डिंग में आग लग गई थी। अमृता के कॉल रिकॉर्ड्स और मोबाइल डेटा की जांच में उसकी लोकेशन घटना की रात गांधी विहार के पास मिली, जिसके बाद पुलिस को यकीन हो गया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी हत्या थी।
18 अक्टूबर को पुलिस ने मुरादाबाद में छापेमारी कर अमृता चौहान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अमृता ने स्वीकार किया कि उसने अपने पूर्व प्रेमी सुमित कश्यप और दोस्त संदीप कुमार के साथ मिलकर रामकेश की हत्या की साजिश रची थी। हत्या की मुख्य वजह यह थी कि रामकेश ने अमृता के कुछ निजी वीडियो और फोटो एक हार्ड डिस्क में सेव कर रखे थे और उन्हें डिलीट करने से मना कर दिया था। गुस्से में आकर अमृता ने यह बात अपने एक्स-बॉयफ्रेंड सुमित को बताई। सुमित ने बदला लेने की ठान ली और दोनों ने संदीप को साथ लेकर हत्या की योजना बनाई।
