सोनभद्र। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में आई0जी0आर0एस0 पोर्टल पर प्राप्त होने वाली जन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण हेतु जिला स्तरीय अधिकारियों व कम्प्यूटर आपरेटर की उपस्थिति में बैठक की गयी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जी की मंशा है कि जनता दर्शन, तहसील दिवस, आई0जी0आर0एस0, थाना समाधान दिवस में प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्तारण ससमय व गुणवत्ता पूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाये। जिससे कि ज्यादा से ज्यादा जन मानस की समस्याओं का ससमय निस्तारण किया जा सकें। उन्होंने कहा कि आई0जी0आर0एस0 पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायातों के निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारी स्थल पर जाकर शिकायतकर्ता का फीडबैक प्राप्त करते हुए शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करें।
बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि आई0जी0आर0एस0 पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का शिकायतकर्ता से वार्ता कर संतुष्ट करने के उपरान्त ही आख्या अपलोड कराया जाये, जिससे जन समस्या निस्तारण में किसी प्रकार की समस्या न होने पायें। केवल वे ही शिकायत स्पेशल क्लोज में की जाये, जो पोर्टल पर उपलब्ध स्पेशल क्लोज की श्रेणी में आते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित समस्त योजनाओं की शिकायत को गंभीरता से काउंसिलिंग करते हुए प्रकरण का निस्तारण किया जाये। ग्रामीण स्तर पर प्राप्त पात्रों के चयन सम्बन्धित शिकायतों का ग्राम प्रधान से वार्ता कर पात्र/अपात्र की सही जानकारी प्राप्त करते हुए जन शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण तरीके से निस्तारण सुनिश्चित कराया जाये। सम्बन्धित अधिकारी प्रतिदिन आई0जी0आर0एस0 पोर्टल को लागिन करते हुए प्राप्त होने वाली शिकायतों का फीडबैक भी प्राप्त करते रहें और प्राप्त शिकायतों का निस्तारण भी ससमय कराना सुनिश्चित करेंगें।
