Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

नगर निगम की एक और सौगात: मुरादाबाद को मिला देश का दूसरा दांडी स्मारक

गांधी जयंती पर कांठ रोड पर हुआ भव्य अनावरण, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने किया उद्घाटन

सनेश ठाकुर/विधान केसरी न्यूज

मुरादाबाद। गांधी जयंती (2 अक्टूबर 2025) के ऐतिहासिक अवसर पर मुरादाबादवासियों को एक नया तोहफ़ा मिला। कांठ रोड पर नगर निगम द्वारा निर्मित दांडी स्मारक का भव्य अनावरण किया गया। यह देश का दूसरा दांडी स्मारक है, जबकि पहला स्मारक दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन के पास मौजूद है। कार्यक्रम का शुभारंभ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने स्मारक का उद्घाटन कर किया और इसे महात्मा गांधी के साथ-साथ मुरादाबाद की जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह स्मारक मुरादाबाद के गौरव और गांधीजी के आदर्शों का प्रतीक बनेगा।
दांडी स्मारक का अनावरण करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी

नगर निगम के प्रयासों की सराहना
ऊपर दांडी स्मारक और नीचे खड़े जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण
 
इस ऐतिहासिक स्मारक के निर्माण में नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल और महापौर विनोद अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके अथक प्रयासों से 2 अक्टूबर को यह स्मारक जनता के लिए पूरी तरह तैयार कर समर्पित किया गया। कार्यक्रम में बीजेपी नगर विधायक रितेश गुप्ता, कमिश्नर अंजनेय कुमार सिंह, मेयर विनोद अग्रवाल समेत अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने की जमकर तारीफ
अनावरण के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल की कार्यकुशलता और समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “यह स्मारक मुरादाबाद की पहचान बनेगा। नगर निगम ने गांधी जी के सपनों को साकार करने की दिशा में अनुकरणीय कार्य किया है।”
गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपने नगर भ्रमण के दौरान दिव्यांशु पटेल की सराहना कर चुके हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी

"स्मारक बनेगा प्रेरणा का स्रोत"
कमिश्नर अंजनेय कुमार सिंह ने कहा, “स्वच्छ भारत मिशन अब केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन बन चुका है। नगर निगम की यह पहल इस बात का प्रमाण है कि समाज, सरकार और नागरिक जब एकजुट होते हैं तो अव्यवस्था को सुंदरता और प्रेरणा में बदला जा सकता है। यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को गांधीजी के आदर्शों की याद दिलाता रहेगा।”

महापौर विनोद अग्रवाल ने इसे गांधी जी के 1930 के नमक सत्याग्रह से जोड़ते हुए कहा कि यह आंदोलन केवल कर-विरोध नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान का प्रतीक था। यह स्मारक नागरिकों को यह संदेश देगा कि स्वच्छता और अनुशासन भी स्वतंत्रता और स्वाभिमान जितने ही आवश्यक हैं।

नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने कहा, “यह स्मारक महात्मा गांधी के आदर्शों और मुरादाबाद की जनता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इसे जनता को समर्पित करना हम सबके लिए गर्व का विषय है।”

मुरादाबाद के इतिहास में नया अध्याय
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य लोग और विचार रखते भूपेंद्र चौधरी 

दांडी स्मारक का निर्माण न केवल मुरादाबाद की शोभा बढ़ाएगा बल्कि शहर के इतिहास में भी एक नया अध्याय जोड़ेगा। यह स्मारक गांधी जी के दांडी नमक सत्याग्रह की स्मृति को पुनर्जीवित करेगा और आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान, स्वच्छता और आत्मसम्मान के आदर्शों से प्रेरणा देगा।  गांधी जयंती पर मुरादाबाद को मिला यह स्मारक अब न सिर्फ एक पर्यटन स्थल बनेगा बल्कि शहर की पहचान और गौरव का प्रतीक भी साबित होगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |