बाराबंकीः एसडीएम ने किया विसर्जन स्थल का निरीक्षण,पुख्ता इंतजाम के निर्देश
October 01, 2025
बाराबंकी। लखनऊ बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित संजय सेतु के पास घाघरा घाट विसर्जन स्थल का बुधवार शाम प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया। त्योहारों के मद्देनजर पहुंची टीम ने सुरक्षा, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था सहित सभी तैयारियों की समीक्षा की।लगभग शाम 7 बजे पहुंचे निरीक्षण दल में ज्वाइंट मजिस्ट्रेटध्एसडीएम गुंजिता अग्रवाल, तहसीलदार विपुल सिंह, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, थाना प्रभारी रामनगर अनिल कुमार पांडे और लेखपाल चंदन रावत शामिल रहे। अधिकारियों ने घाट पर बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, बचाव दल की तैनाती और पुलिस बल की व्यवस्था को परखा।एसडीएम गुंजिता अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिए सभी संसाधन सक्रिय रखे जाए उन्होंने कहा, “त्योहार पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु विसर्जन के लिए आते हैं। ऐसे में प्रशासन को सुनिश्चित करना होगा कि सभी लोग सुरक्षित और सुगमता से धार्मिक अनुष्ठान कर सकें। जिन कमियों की पहचान हुई है, उन्हें तुरंत दूर किया जाएगा।निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने तैयारियों पर संतोष जताया और आश्वस्त किया कि त्योहार के दिनों में व्यवस्थाएं और सुदृढ़ की जाएंगी, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के मूर्ति विसर्जन कर सकें।
