Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

सड़क हादसा! मुफ्फरनगर में खड़े ट्रक में पीछे से घुसी अर्टिगा कार, 6 की मौत


मुजफ्फरनगर में बुधवार (1 अक्टूबर) सुबह भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार अर्टिगा गाड़ी खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। इस वजह से हादसा हुआ। दिल दहला देने वाला सड़क हादसा बुधवार को तड़के मुजफ्फरनगर जनपद में हुआ। तितावी बायपास स्थित जयदेव होटल के पास खड़े ट्रक में पीछे से एक अर्टिगा कार जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह ट्रक के नीचे जा घुसी और मौके पर ही छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों में तीन पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। सभी लोग करनाल से हरिद्वार गंगा नदी में अस्थियां विसर्जन करने के लिए जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी और आगे खड़े ट्रक को चालक देख नहीं पाया, जिसके चलते यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और पुलिस व स्थानीय लोगों को शव निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से कार को ट्रक से अलग कराया और शवों को बाहर निकाला। घायल को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद परिजनों को सूचना दी गई, जिनके पहुंचते ही घटनास्थल पर कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बायपास पर आए दिन भारी वाहन खड़े रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। हादसे के बाद लोगों ने सड़क पर जाम भी लगा दिया और पुलिस प्रशासन से मांग की कि सड़क पर खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। यह भीषण सड़क हादसा न केवल परिजनों बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर गया है। त्योहारों के बीच इस तरह का दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े करता है। फुगाना सीओ रूपाली राव ने बताया का हादसे का शिकार हुए लोग हरियाणा के करनाल के रहने वाले थे। ये लोग अस्थियां विसर्जित करने हरिद्वार जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |