बाराबंकी: 25 हजार का इनामिया बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
October 29, 2025
बाराबंकी। सफदरगंज थाना पुलिस, स्वाट एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार की रात रामपुर कटरा गांव के पास 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की रात सफदरगंज थाना पुलिस स्वाट व सर्विलांस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान रामपुर कटरा गांव के पास एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। पीछा करने पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।घायल बदमाश की पहचान संतोष यादव पुत्र राम अवध निवासी धनखर गांव, थाना कोतवाली देहात, जनपद गोंडा के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा व एक खोखा कारतूस, दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और 700 रुपये नकद बरामद किए गए।अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि संतोष यादव लूट, छिनैती सहित नौ आपराधिक मामलों में वांछित था। उस पर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। आरोपी बाराबंकी, लखनऊ, गोंडा, बलरामपुर और अयोध्या जिलों में सक्रिय रहकर महिलाओं से पर्स, ज्वेलरी और मोबाइल छीनने की घटनाएं अंजाम देता था।
