बलिया। मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की सप्तम बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव वर्मन ने मुख्य विकास अधिकारी सहित उपस्थित सभी अधिकारियों का स्वागत किया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। इस दौरान टीबी नोटिफिकेशन, एनक्यूएएस, आरसीएच पोर्टल, नियमित टीकाकरण, यूपी हेल्थ डैशबोर्ड, संस्थागत प्रसव, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, परिवार नियोजन, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, आयुष्मान कार्ड, एसएनसीयू, एनआरसी, वेक्टर वार्निंग, एनसीडी तथा आभा आईडी की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी कार्यक्रमों के लक्ष्य समय पर पूरे किए जाएं और जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 की जनपदीय कार्ययोजना को भी अनुमोदन प्रदान किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
