बाराबंकीः पात्र लाभार्थियों तक प्रत्येक दशा में पहुचे योजनाओं का लाभ- अंजू प्रजापति
September 26, 2025
बाराबंकी। पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ हर हाल में पहुंचे और इनका व्यापक प्रचार-प्रसार हो साथ ही योजनाओं को जन जन तक पहुचाया जाए यह बाते महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति ने बतौर मुख्यातिथि के रूप में शुक्रवार को विकास खंड बंकी के सभागार में पोषण पंचायत कार्यक्रम के अवसर पर मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कही। कार्यक्रम में मोटापा की समस्या, वोकल फॉर लोकल, शिशु एवं बाल आहार प्रथाएं, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल, पुरुष सहभागिता, महिलाओं, किशोरियों और बच्चों से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम के दौरान कुपोषण दूर करने के लिए विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई और लोगों को मोटे अनाज व घरेलू उत्पादों के अधिक उपयोग के लिए जागरूक किया गया। इस मौके पर मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत महिला थानाध्यक्ष मुन्नी सिंह ने महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की।राज्य महिला आयोग की सदस्या ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ कन्या सुमंगला सहित विभिन्न योजनाओं पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ हर हाल में पहुंचे और इनका व्यापक प्रचार-प्रसार हो।इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म भी सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश कुमार मिश्र, जिला प्रोबेशन अधिकारी सूरज सिंह, खंड विकास अधिकारी डॉ. संस्कृता मिश्रा, महिला थानाध्यक्ष मुन्नी सिंह, जिला समन्वयक विनीता मिश्रा, सीडीपीओ अनिल वर्मा सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे ।
