लखनऊ। नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छ उत्सव, स्वच्छता पखवाड़ा एवं “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जोन-8 क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में स्वच्छता के साथ-साथ महिलाओं की आत्मनिर्भरता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता को प्रोत्साहित करना रहा।
जोन-8 कार्यालय परिसर में मिशन शक्ति कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आसपास की मलिन बस्तियों की महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याओं एवं स्थानीय प्रतिभागियों को मिशन शक्ति के उद्देश्यों एवं महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक एवं सशक्त बनाना है।
स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन भी जोन-8 कार्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक प्रतिभागी ने अपनी माता के नाम से एक-एक पौधा लगाकर न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, बल्कि माँ के प्रति सम्मान और कृतज्ञता भी प्रकट की।
इस वृक्षारोपण अभियान के तहत जोन-8 कार्यालय परिसर में लगभग 20 पौधे लगाए गए, जबकि जोन-8 के विभिन्न वार्डों में कुल मिलाकर लगभग 50 पौधों का रोपण किया गया।
