बलियाः दो पक्षों में मारपीट, युवक की मौत, मामला दो संप्रदायों से जुड़े होने से तनाव व्याप्त
September 28, 2025
मनियर/बलिया। बलिया जिले के मनियर थाने के उत्तर टोला अंतर्गत वार्ड नंबर 14 में दो पक्षों में हुई मारपीट के मामले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शनिवार को देर शाम की है। परिजनों का आरोप है कि परिवार के लोग नवका ब्रह्म बाबा के मेले में थे। घायल युवक मोहम्मद मोहर्रम- 35 पुत्र स्वर्गीय वकील घर पर खाना खाने आया था। इसी बीच उसकी अपनी मां सैरुन से विवाद हो गया। वह अपनी मां को गाली दे रहा था। पड़ोसी समझे कि हमको गाली दे रहा है। इसी बात को लेकर पड़ोसियों से विवाद हो गया। इसके बाद पड़ोसियों से मारपीट में मोहम्मद मोहर्रम बुरी तरह से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर इलाज कराने के लिए ले आई। उधर गंभीर रूप से घायल मोहर्रम को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर से जिला अस्पताल बलिया के लिए रेफर कर दिया गया। मोहर्रम के सिर पर गंभीर चोट थे, इसके कारण वह अचेत पड़ा हुआ था। जिला अस्पताल में पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत्यु घोषित कर दिया। मामला दो संप्रदायों से जुड़ा हुआ है। जिसके कारण पुलिस की सक्रियता ज्यादा बढ़ गई है। मौके की सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक बलिया डॉक्टर ओमवीर सिंह अपने दल बल के साथ पहुंचे तथा घटनास्थल की जांच पड़ताल की। मृतक के परिजनों से पूछताछ किया। इस मामले में पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने कहा कि मृतक घर पर कहीं से आया था तथा अपनी मां से खाना मांगा।खाना न देने पर वह अपनी मां को गाली दे रहा था। पड़ोसी समझे कि हमें गाली दे रहा है, जिसके कारण मारपीट हो गई। मारपीट में युवक की मौत हो गई। पुलिस घटना के तत्काल बाद दो लोगों को हिरासत में ले ली तथा शेष लोगों की धर पकड़ जारी रही। पुलिस की सक्रियता से दूसरे दिन मुकदमा दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
