Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

भारत के बॉर्डर पर पकड़े जा रहे नेपाल की जेलों से भागे कैदी


नेपाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ भड़के हिंसक प्रदर्शनों ने देश को हिला दिया है। जेन जी के प्रदर्शनों के चलते प्रधानमंत्री के.पी. ओली को इस्तीफा देना पड़ा, जबकि संसद और सरकारी इमारतों में आग लगा दी गई। इसी फसाद की आड़ में देशभर की जेलों से 13 हजार से ज्यादा कैदी भी फरार हो गए। इनमें से कई अब भारत-नेपाल सीमा पर पकड़े जा रहे हैं। सशस्त्र सीमा बल यानी कि SSB ने अब तक 60 फरार कैदियों को गिरफ्तार किया है। ये सारे कैदी उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में सीमा पर पकड़े गए हैं।

SSB के एक अधिकारी ने पकड़े जा रहे कैदियों पर जानकारी देते हुए बताया, 'यह संख्या अभी भी बढ़ रही है, हम सतर्कता बरत रहे हैं।' बता दें कि सोमवार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर और सरकार के सोशल मीडिया प्रतिबंध के खिलाफ युवाओं ने बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई और अन्य घटनाओं में 31 लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिसिया कार्रवाई से गुस्साए सैकड़ों प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री ओली के दफ्तर में घुस गए और उनका इस्तीफा मांगने लगे। मंगलवार को ओली ने पद से इस्तीफा दे दिया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन, राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री आवास, सरकारी दफ्तरों, राजनीतिक दलों के मुख्यालयों और वरिष्ठ नेताओं के घरों में आग लगा दी। ओली का निजी आवास भी जलाया गया। सोशल मीडिया पर लगे प्रतिबंध को भी सोमवार रात ही हटा लिया गया था, लेकिन गुस्सा शांत न हुआ। नेपाल की सेना ने बुधवार को संभावित हिंसा रोकने के लिए देशव्यापी प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए और कर्फ्यू लगा दिया। ओली के इस्तीफे के बाद अब देश में अंतरिम सरकार के गठन की तैयारी चल रही है और सुप्रीम कोर्ट की पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को इसका प्रमुख बनाने की बात कही है।

प्रदर्शनों की अफरा-तफरी का फायदा उठाकर कैदियों ने जेलों पर हमला बोल दिया। मंगलवार से कई जेलों में सुरक्षाकर्मियों और कैदियों के बीच झड़पें हुईं। मंगलवार रात नेपाल के बांके जिले के बैजनाथ ग्रामीण नगरपालिका के नौबस्ता क्षेत्र में स्थित नौबस्ता बाल सुधार गृह में कैदियों ने सुरक्षाकर्मियों के हथियार छीनने की कोशिश की। इससे झड़प हो गई, जिसमें 5 किशोर कैदी मारे गए। बताया जा रहा है कि देशभर की जेलों से 13 हजार से ज्यादा कैदी फरार हो गए हैं। फरार कैदियों में से कई भारत की ओर भागे हैं जिसके बाद SSB ने सीमा पर निगरानी तेज कर दी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |