चार्ली किर्क की पत्नी एरिका ने हत्यारे को किया माफ
September 22, 2025
अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेहद करीबी और राइटविंग एक्टिविस्ट चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रविवार को एरिजोना के स्टेट फार्म स्टेडियम में चार्ली किर्क की शोकसभा आयोजित की गई थी जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा था। इस शोकसभा में चार्ली किर्क की पत्नी एरिका किर्क ने कुछ ऐसा कर दिया जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी। एरिका ने अपने पति की हत्या के आरोपी टायलर रॉबिन्सन को माफ कर दिया है। मेरे पति चार्ली युवाओं को बचाना चाहते थे। मैं उसे माफ करती हूं।
चार्ली किर्क की शोकसभा में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और वरिष्ठ अमेरिकी मंत्रिमंडल के सदस्य भी शामिल हुए थे। इस दौरान ट्रंप ने किर्क को 'आजादी के लिए शहीद जवान' बताया और कहा कि आने वाले समय में भी उनकी विरासत बनी रहेगी।
हाल ही में एरिका किर्क का एक वीडियो सामने आया था जिसमें उन्होंने बताया था कि वो अपनी बेटी को पापा के बार में कैसे समझाती हैं। एरिका अपनी बेटी को कहती हैं कि "बेबी, डैडी तुमसे बहुत प्यार करते हैं। तुम घबराओ मत। वो यीशु के साथ एक जरूरी काम के लिए यात्रा पर गए हैं, ताकि तुम्हारे ब्लूबेरी बजट (पसंदीदा वस्तुओं और खिलौने) का खर्च उठा सकें।" वीडियो में एरिका यह कहकर अपनी बेटी को दिलासा दे रही हैं कि उसके पापा उसे कभी नहीं भूले और हमेशा उससे प्यार करते थे।
10 सितंबर को यूटा वैली यूनिवर्सिटी में 'टर्निंग पॉइंट यूएसए' के अमेरिकन कमबैक टूर के तहत किर्क एक 'प्रूव मी रॉन्ग' डिबेट में हिस्सा ले रहे थे। इस दौरान वह स्टूडेंट्स के सवालों का जवाब दे रहे थे। एक सवाल का जवाब देते समय अचानक एक गोली आकर उनकी गर्दन में लगी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली चलने के बाद अफरातफरी मच गई थी। किर्क को तुरंत एक प्राइवेट गाड़ी से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था।
चार्ली कर्क अपने जोशीले भाषणों, सोशल मीडिया अभियानों के लिए जाने जाते थे। कर्क ने 2012 में 18 साल की उम्र में टर्निंग प्वाइंट यूएसए (TPUSA) की स्थापना की थी जो अमेरिका का प्रमुख कंजर्वेटिव छात्र संगठन है। इस संगठन ने 800 से अधिक कॉलेजों में अपनी शाखाएं बनाई हैं और युवा कंजर्वेटिव वोटरों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, खासकर 2024 के चुनाव में, जहां इसने ट्रंप की दोबारा जीत में बड़ा योगदान दिया।
