बाराबंकीः छह माह से अधूरी पडी पानी की टंकी , शिकायत कर लगाई जांच की गुहार
September 07, 2025
मसौली/बाराबंकी। लाखों रूपये की लागत से बनने वाली पानी की टंकी पिछले छह महीने से निर्माणाधीन है। आम जनता को पानी पहुचाने के उद्देश्य को लेकर चल रही जलजीवन मिशन की योजना ग्राम पंचायत सादामऊ में जिम्मेदारों की लापरवाही से ठंडे बस्ते में पडी है। वहाँ का स्थलीय निरीक्षण करने पर हालात कुछ अलग ही दिख रहे हैं। परिसर में छुट्टा पशुओं का आतंक है, जिससे सोलर पैनल और सप्लाई के लिए खोदी गई सड़कें जर्जर हालत में पहुंच चुकी हैं।एडवोकेट राम अचल यादव और ग्राम प्रधान सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि टंकी निर्माण के दौरान न तो जिम्मेदार अधिकारी पहुंचे और न ही गुणवत्ता का निरीक्षण हुआ।पूर्व में की गई शिकायत पर जल निगम द्वारा फर्जी व भ्रामक रिपोर्ट लगाकर मामला निपटाने का आरोप भी लगाया गया है। वर्तमान में अधूरी टंकी पर बांस-बल्ली लटक रहे हैं, सोलर पैनल टेढ़े हो चुके हैं, गेट खुला पड़ा है और कमरे में ताला जड़ा रहता है। पाइपलाइन अधूरी व इधर-उधर पड़ी है जबकि रास्ते खोदकर वैसे ही छोड़ दिए गए हैं।शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सरकारी धन का दुरुपयोग कर भ्रष्टाचार किया गया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
