राजधानी लखनऊ के कैंट क्षेत्र में एक राहगीर ने तेंदुए को जाते हुए देखकर वीडियो बनाया जो कि सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। मामला सामने आने के बाद वन विभाग और कैंट बोर्ड की टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है। टीम को मौके पर तेंदुए के पैरों के निशान भी मिले हैं। इसकी तस्वीर भी सामने आई है।
राजधानी लखनऊ में तेंदुआ दिखाई देने के बाद लोगों को सावधान करते हुए सतर्कता अलर्ट जारी किया गया है। वन विभाग ने लोगों से रात में अकेले बाहर न निकलने की अपील की है। लोगों को पालतू जानवरों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति में कंट्रोल रूम को सूचना देने की अपील की गई है।
लखनऊ के कैंट क्षेत्र में तेंदुए के दिखाई देने के बाद प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। इलाके में तीन-तीन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही रात में पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है। विशेषज्ञों का दावा है कि ग्रीन कॉरिडोर से तेंदुए की मूवमेंट आसान है।
