Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊ: नगर निगम और नगर पंचायत रसूलाबाद के बीच एमओयू, स्वच्छता को मिलेगा नया आयाम


लखनऊ। स्वच्छ भारत मिशन को नई गति देने और छोटे नगर निकायों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने “स्वच्छ शहर जोड़ी पहल” की शुरुआत की है। इसी कड़ी में लखनऊ नगर निगम और नगर पंचायत रसूलाबाद के बीच मंगलवार को एक महत्वपूर्ण एमओयू हुआ, जिसके तहत नगर निगम लखनऊ अब रसूलाबाद को स्वच्छता व्यवस्था सुधारने में मार्गदर्शन और सहयोग देगा।

इसी क्रम में मंगलवार को उन्नाव स्थित नगर पंचायत रसूलाबाद में लखनऊ नगर निगम और उन्नाव जनपद की नगर पंचायत रसूलाबाद के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू साइन किया गया। इस एमओयू के अंतर्गत नगर निगम लखनऊ नगर पंचायत रसूलाबाद को विभिन्न स्वच्छता मानकों पर बेहतर बनाने में सहयोग करेगा। इसमें मुख्य रूप से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, सड़क की साफ-सफाई (रोड स्वीपिंग), ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कूड़ा निस्तारण, सीवर व्यवस्था और पेयजल प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि “लखनऊ नगर निगम का अनुभव अब रसूलाबाद जैसे छोटे नगर निकाय के काम आएगा। हम इस साझेदारी को एक मिशन की तरह लेकर चलेंगे ताकि आने वाले समय में रसूलाबाद अपनी स्वच्छता रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार कर सके। 

रसूलाबाद नगर पंचायत की चेयरमैन गजाला अंसारी ने कहा कि “यह हमारे लिए एक बड़ा अवसर है। लखनऊ नगर निगम के मार्गदर्शन से हमारी नगर पंचायत निश्चित ही स्वच्छता के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुँचेगी।”

सफीपुर विधानसभा के विधायक बंबा लाल दिवाकर ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में चल रहा स्वच्छ भारत मिशन वास्तव में जन आंदोलन बन चुका है। लखनऊ और रसूलाबाद के बीच हुआ यह समझौता निश्चित ही मिशन की सफलता में एक नया अध्याय जोड़ेगा।”

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि इस एमओयू से रसूलाबाद की आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा। स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होने से बीमारियों में कमी आएगी, जल और सीवर प्रबंधन की स्थिति सुधरेगी तथा लोगों का जीवनस्तर ऊंचा होगा। इस अवसर पर लखनऊ नगर निगम से महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, मंडल कार्यक्रम प्रबंधक प्रियंका यादव मौजूद रहे। वहीं नगर पंचायत रसूलाबाद से सफीपुर विधानसभा से विधायक बंबा लाल दिवाकर, चेयरमैन गजाला अंसारी, एडीएम उन्नाव अमिताभ यादव और अधिशासी अधिकारी मुकेश मिश्रा, नगर पंचायत के  पार्षदगण विशेष रूप से मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |