बाराबंकी: अष्टमी के दिन महागौरी भक्ति में डूबा शहर, देवी मदिरा में श्रद्धालुओं की भीड़
September 30, 2025
बाराबंकी। शारदीय नवरात्र के नवें दिन मां महागौरी के पूजन ने पूरे क्षेत्र को भक्ति और उल्लास से सराबोर कर दिया। भक्तों ने पूरी श्रृद्धा के साथ उपवास रखा। मंगलवार तड़के से ही मंदिरों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। घंटों-घड़ियालों की गूंज, शंखध्वनि और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।भक्तों ने विधि-विधान से महागौरी माता की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। नगर के बड़ी देवी मंदिर, संतोषी माता मंदिर, सहित तमाम देवी मंदिरों में श्रदालुओं का सुबह से ही ताता लगा रहा। जिले के ग्रामीण अंचलों में ज्वाला देवी, नैनादेवी, सहित तमाम मंदिरों में मां गौरी का पूजन किया। फूलों से अलंकृत देवी स्वरूप के दर्शन को महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग सभी आतुर दिखे। जगह-जगह यज्ञ-हवन हुए और मंत्रोच्चारण के बीच आहुतियां डाली गईं। घर-घर में माता की पूजा-अर्चना कर खुशहाली की मनोकामना की गई।रंग-बिरंगी रोशनी और भव्य सजावट से सजे मंदिरों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिसबल तैनात रहा। भक्तों की आस्था और भावनाओं ने नवरात्र की अष्टमी को आध्यात्मिक उल्लास का अविस्मरणीय दिन बना दिया। भक्तों ने परिवार के कल्याण के साथ साथ समाज और देश के कल्याण की कामना की।
