समधन/कन्नौज। नगर पंचायत समधन में बारावफात पर्व के अवसर पर जुलूस-ए-मोहम्मदी का आयोजन किया गया। शुक्रवार को दोपहर 12 बजे के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग नए कपड़े पहनकर और सिर पर पगड़ी बांधकर जुलूस में शामिल हुए।
जुलूस में शामिल लोगों ने हाथों में हरे झंडे लिए और डीजे की धुन पर गुरसहायगंज की ओर कूच किया। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने जुलूस पर फूलों की वर्षा की। साथ ही फल, मिठाई, बिरियानी और पानी का वितरण भी किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। गुरसहायगंज कोतवाली पुलिस सुबह से ही अलर्ट मोड में थी। रामाश्रम चैकी प्रभारी सुरेंद्र पाल सिंह ने अपने पुलिस बल के साथ मलिकपुर से तेराजाकेट जाने वाले तिराहे पर मोर्चा संभाला। उन्होंने गुरसहायगंज की ओर आने वाले बड़े वाहनों को तेराजाकेट की ओर डायवर्ट किया। समधन चैकी प्रभारी दीपक सिंह ने भी अपने सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ नगर में निगरानी की। मलिकपुर और समधन नगर में सुबह से ही मुस्लिम समाज के लोग इस पर्व की तैयारियों में जुटे थे।
