लखनऊ। लखनऊ जिले में नए आलू के नाम पर नकली आलू बेचा जा रहा है, केमिकल से पुराने आलू को नया बनाया जा रहा है। वहीं ऐसा करके 20 रुपए किलो बिकने वाला आलू 50 रुपए में बेचा जा रहा है। इस आलू को खाने से किडनी डैमेज, कैंसर और लिवर की गंभीर बीमारी हो सकती है। वहीं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफ.एस.डी.ए) की टीम की कार्रवाई में नकली आलू बेचे जाने की पुष्टि हुई है। वहीं एफ.एस.डी.ए टीम ने नवरात्रि के मद्देनजर 19 से 28 सितंबर के बीच 113 जगहों पर छापेमारी करके मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के 121 नमूने भरे हैं। वहीं एफ.एस.डी.ए टीम ने 28 सितंबर को दुबग्गा सब्जी मंडी में छापा मारा, मंडी में नए आलू बिकते मिले। वहीं एफ.एस.डी.ए टीम ने जब जांच की तो पता चला कि पुराने आलू को केमिकल से नया बनाया गया है। इसे खाने से बीमारियां भी हो सकती हैं। इस पर टीम ने 2300 किलो आलू जब्त किया और नमूना भरकर उसे जांच के लिए लैब भेजा है। वहीं चिनहट समेत अन्य सब्जी मंडियों में छापा मारा। हालांकि, अन्य मंडियों में केमकिल युक्त आलू नहीं मिला। बता दें कि पुराने आलू को नया बनाकर 50 रुपए किलो तक बेचा जा रहा था, जबकि पुराना आलू 20 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। एफ.एस.डी.ए टीम ने कमला नेहरू रोड से 435 लीटर देसी घी (29 टिन) जब्त की। उसकी कीमत 2.93 लाख है। टीम ने घी का नमूना लैब भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जायेगी। वहीं एफ.एस.डी.ए टीम ने चिनहट, गोमतीनगर, राजाजीपुरम, दुबग्गा, इंदिरानगर, विकासनगर, आशियाना, आलमबाग, अलीगंज, चैक, अमीनाबाद समेत करीब सभी बाजारों में छापा मारा। देसी घी, कुटू आटा, साबूदाना, किशमिश, पनीर, खोया, मसाला की जांच की। वहीं आलमबाग, ऐशबाग, चिनहट, फैजुल्लागंज, गोमतीनगर, राजाजीपुरम, मलिहाबाद, मोहनलालगंज समेत शहर के 113 से ज्यादा प्रतिष्ठानों पर मिलावटी या नकली खाद्य पदार्थों के 121 नमूने लिए। इनमें सबसे ज्यादा कुटू आटा, सिंघाड़ा आटा, साबूदाना, सूखे मेवे, घी और पनीर के नमूने लिए गए। सारे नमूने लखनऊ और आगरा लैब में भेजे गए।वहीं सहायक आयुक्त खाद्य विजय प्रताप सिंह ने बताया कि त्योहार पर मिलावटखोर सबसे ज्यादा सक्रिय रहते हैं। एफ.एस.डी.ए टीम लगातार छापेमारी करके कार्रवाई कर रही है। लोग संदिग्ध सामान की शिकायत एफ.एस.डी.ए कंट्रोल रूम को कर सकते हैं। उनको संज्ञान में लेकर कार्रवाई की जाएगी।
एफ.एस.डी.ए टीम ने मटियारी कॉलोनी में 2 कंपनियों पर बड़ी कार्रवाई की गई। चिनहट थाना क्षेत्र की विद्या ऋषि इंडिया हेल्थ प्रा. लि. और वीआर दिव्य लाइफ प्रा. लि. से 152 किलो एक्सपायर खाद्य पदार्थ बरामद हुआ। इसमें धनिया पाउडर, हल्दी, किचन किंग मसाला, फिश मसाला, फूड सप्लीमेंट (डायबो केयर, नारी शक्ति) आदि शामिल रहा। 51 किलो से ज्यादा मसाले सीज किए गए।
