प्रतापगढः कैथौला बाजार में गणेश पाण्डाल में श्रीराम कथा सुनने उमड़े श्रद्धालु! भगवान के नित्य स्मरण में है जीवन साधना का सुन्दर फल-डॉ0 अम्बिकेश
September 01, 2025
लालगंज/प्रतापगढ़। रानीगंज के समीप कैथौला बाजार में गणेश पाण्डाल में हो रही श्रीराम कथा में सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी दिखी। कथाव्यास मानस रत्न डॉ0 अम्बिकेश त्रिपाठी जी ने कहा कि श्रीराम की कृपा को प्राप्त करने के लिए जीवन की साधना में रामनाम का मंत्र जपते रहना चाहिए। उन्होने बताया कि भगवान श्रीराम समरसता तथा न्याय के दिव्य सिद्धांत हैं। कथाव्यास डॉ0 अम्बिकेश ने कहा कि मन की पवित्रता से ही भगवान के स्मरण का जीवन में सुन्दर फल मिला करता है। उन्होनें कहा कि श्रीराम जीवन को पीड़ा से मुक्ति प्रदान करते हुए कल्याण के सर्वफलदायी है। कथा के दौरान भजन गायक राजेश शुक्ला की मण्डली द्वारा श्रीराम नाम संकीर्तन में श्रद्धालुओं को भक्तिभाव में आनंदित देखा गया। कथा में भाजपा नेता नागेश प्रताप सिंह व संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी महेश तथा समाजसेवी प्रवीण सिंह ने व्यासपीठ को सम्मानित किया। संयोजक शिवपूजन जायसवाल ने कथाव्यास डॉ. अम्बिकेश का श्रद्धालुओं की ओर से सम्मान किया। इस मौके पर सत्येन्द्र सिंह सौम्य, वासुदेव जायसवाल, शांतीलाल अग्रहरि, श्रीराम जायसवाल, शिवशंकर जायसवाल, आदि रहे।