शुकुलबाजारः पीस कमेटी की बैठक संपन्न! बिना अनुमति ड्रोन उड़ाना पूरी तरह से प्रतिबंधित-सीओ
August 26, 2025
शुकुलबाजार/ अमेठी। स्थानीय थाना परिसर क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल सिंह व थाना अध्यक्ष अभिनेष कुमार की अध्यक्षता मेंआगामी गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर क्षेत्र में फैल रही ड्रोन कैमरा उड़ाने की अफवाहों के मद्देनजर थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन, पीस कमेटी के सदस्य, आयोजन समितियों के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।बैठक को संबोधित करते क्षेत्राधिकार मुसाफिरखाना ने कहा कि पर्व के दौरान बिना अनुमति ड्रोन उड़ाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्व अफवाहें फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।साथ ही प्रशासन ने आयोजन समितियों से अपील की कि वे सुरक्षा मानकों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। वहीं थाना अध्यक्ष ने आए हुए आगंतुकों से अपील किया है कि“गणेश चतुर्थी के पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएँ, अफवाहों से बचें और सहयोग बनाए रखें। इस अवसर पर क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों के साथ जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
