Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊ: प्रभु गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर शहरवासियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने की व्यापक तैयारियां


लखनऊ। आगामी त्यौहारों के मद्देनजर नगर निगम ने  प्रभु गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर शहरवासियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के नेतृत्व में निगम के विभिन्न विभागों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि पर्व स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हो सके।नगर निगम के अनुसार, विगत वर्षों की भांति इस बार भी गोमती तटबंध स्थित झूलेलाल वाटिका सहित विभिन्न स्थलों पर श्री गणेश उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इन कार्यक्रम स्थलों और पहुंच मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। नालियों की सफाई, कूड़ा उठान, चूना-पानी का छिड़काव और कूड़े के समुचित निष्कासन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर ली गई है।साथ ही, प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। मुख्य अभियंता (विद्युतध्यांत्रिक) को निर्देशित किया गया है कि झूलेलाल वाटिका, कार्यक्रम स्थलों और विसर्जन स्थलों पर लगे समस्त प्रकाश बिंदु प्रज्ज्वलित कराए जाएं। मूर्ति विसर्जन के दौरान आवश्यकतानुसार अतिरिक्त प्रकाश की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।पशु कल्याण अधिकारी को आदेश दिया गया है कि उत्सव स्थलों और उनके आसपास निराश्रित पशुओं का विचरण न होने पाए। वहीं, नगर अभियंता और जोनल अधिकारी जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर गोमती तटबंधों के किनारे मूर्ति विसर्जन की तैयारी करेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गोताखोरों और नाव संचालकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।जलकल विभाग को भी निर्देशित किया गया है कि उत्सव स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में पेयजल की आपूर्ति की जाए और क्षतिग्रस्त मेनहोल की तुरंत मरम्मत कराई जाए। साथ ही, उद्यान विभाग द्वारा मुख्य मार्गों और कार्यक्रम स्थलों के आसपास वृक्षों की आवश्यकतानुसार छंटाई की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।

नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि सभी पर्व स्वच्छता, सुरक्षा और सौहार्द के वातावरण में मनाया जाए। हम सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा से तैयारी में जुटे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि वे उत्सव के दौरान स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और निर्धारित स्थानों पर ही मूर्तियों का विसर्जन करें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |