Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बिहार में भारी बारिश, उत्तराखंड में बाढ़ की चेतावनी, नॉर्थ-ईस्ट में रेड अलर्ट


मौसम विभाग ने शनिवार के लिए बिहार सहित कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। असम, मेघायल और उत्तरी बंगाल में रेड अलर्ट जारी किया है। इन जगहों पर तूफान और अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, बारिश और तूफान को लेकर बिहार और अरुणाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, दिल्ली में हल्की बारिश होने के आसार हैं। जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित देश के पूर्वी राज्यों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, देश के पश्चिमी हिस्सों में मौसम सामान्य रहने के आसार हैं।

उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 24 घंटे में बाढ़ की चेतावनी जारी की है। देहरादून समेत पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के मद्देनजर अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिले में बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है।

आईएमडी ने कहा कि शुक्रवार रात के सैटेलाइट एनीमेशन से पता चलता है कि उत्तरी पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, ओडिशा, दक्षिण छत्तीसगढ़, उत्तरी आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप द्वीप क्षेत्र में तेजी से गर्म हवाएं ठंडे इलाकों की तरफ बढ़ रही हैं। जम्मू और कश्मीर, हरियाणा, राजस्थान, उत्तरी छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में इस प्रक्रिया के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है, साथ ही रात के समय कभी-कभी तेज बारिश भी हो सकती है।

मौसम विभाग ने दिल्ली में शनिवार को आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने बताया कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। शुक्रवार को हल्की बारिश के बावजूद दिल्ली में उमस भरा मौसम रहा और सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 90 से 91 प्रतिशत के बीच रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश सीमित रही।

सफदरजंग में शुक्रवार शाम तक 24 घंटों में 17 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद अधिक बारिश नहीं हुई। इस बीच, शहर में वायु गुणवत्ता 'संतोषजनक' श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने शाम छह बजे समग्र एक्यूआई 58 दर्ज किया।

हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन से शुक्रवार को कई सड़कें ब्लॉक हो गईं। अधिकारियों ने बताया कि चंडीगढ़-मनाली और मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया, जिससे यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा और जाम की स्थिति पैदा हो गई। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ निवासी जयकिशन नाम का टैक्सी चालक मंडी जिले में पंडोह बांध के निकट कैंच मोड़ पर भूस्खलन के कारण घायल हो गया तथा उसका वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारियों के अनुसार, शिवाबदर मार्ग का एक हिस्सा धंस गया, जिससे चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग 21 अवरुद्ध हो गया और गांव से सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया। सड़क के दोनों ओर फंसे वाहनों की कतार लग जाने से लंबा जाम लग गया और एहतियात के तौर पर वाहनों को पंडोह बांध पर रोक दिया जा रहा है। मशीन भी घटनास्थल पर लाई गई हैं, लेकिन रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण मरम्मत कार्य में बाधा उत्पन्न हो गई।

मंडी की पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि बारिश रुकते ही सड़क के एक तरफ से यातायात बहाल कर दिया जाएगा। मशेरन नाले में बाढ़ आ जाने और सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर एवं मलबा बिखर जाने से मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग 3 यहां लाहौल एवं स्पीति जिले के जिस्पा में बंद कर दिया गया। सड़क पर मलबा गिरने का वीडियो भी प्रसारित हो रहा है और यहां आई बाढ़ से कई लोगों के खेत बर्बाद हो गए हैं। लाहौल एवं स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि सड़क से मलबा हटाने के लिए मशीन ले जाई गईं हैं और प्रशासन काम पर लगा हुआ है।

बिलासपुर जिले में समलातू के पास चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग 21 पर एक बार फिर भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हुए मार्ग पर एकतरफ़ा यातायात बहाल कर दिया गया है। वर्तमान में सड़क का दूसरा हिस्सा पूरी तरह से मलबे से पटा हुआ है। भूस्खलन की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को आगाह किया है कि वे बहुत जरूरी होने पर ही यात्रा करें। हिमाचल प्रदेश में जुलाई में 250.3 मिलीमीटर बारिश हुई जो औसत बारिश 255.9 मिलीमीटर से दो प्रतिशत कम है। स्थानीय मौसम कार्यालय ने शुक्रवार को राज्य के तीन से 10 जिलों के अलग-अलग इलाकों में मंगलवार तक भारी बारिश के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। राज्य आपातकालीन अभियान केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम को आपदा प्रभावित मंडी जिले की 171 सड़कों सहित राज्य की कुल 291 सड़कें बंद कर दी गईं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |