रामपुर। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह एवं पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र की उपस्थिति में वर्ष 2025-26 की जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में खेलों का विकास एवं अवस्थापनाओं को सुदृढ़ और पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करने और प्रोत्साहन समिति की आय वृद्धि सहित अन्य बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी और खेल संघों के पदाधिकारियों द्वारा अपने विचार व्यक्त किये गये।
जिलाधिकारी ने उपक्रीड़ा अधिकारी को खिलाड़ियों को बेहतर सुविधायें मुहैया कराने के साथ-साथ सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार कराने के निर्देश दिये, जिससे बच्चों में खेल के प्रति रुचि बढ़े और जनपद में खिलाड़ियों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो। उन्होंने कहा कि सींगनखेड़ा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स को अन्य खेलों की अवस्थापनाओं फुटबॉल, बालीवॉल, कबड्डी आदि को बनाने, ऑनलाईन डिजिटल खेल प्रशिक्षण देने के लिये एक बड़ी स्क्रीन लगायी जाये, जिससे खिलाड़ी यूट्यूब के माध्यम से विदेशी प्रशिक्षकों से भी सीख सकें। जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी, सैदनगर को क्रिकेट मैदान के अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया।
उन्होंने बमनपुरी स्टेडियम में एथलेटिक्स सिन्थेटिक रनिंग ट्रैक बनाने हेतु नामित कार्यदायी संस्था यू०पी० सिडको को बजट प्राप्ति के उपरान्त कार्य शीघ्र प्रारम्भ करने के साथ ही गुणवत्तापूर्ण ढ़ंग से और ससमय पूर्ण करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने शहीद-ए-आजम स्पोर्टस स्टेडियम बमनपुरी में साफ सफाई, शुद्ध पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था कराने के लिए उप क्रीड़ाधिकारी को निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि खेल के साथ ही अनुशासन अति आवश्यक है। खिलाड़ियों को खेल से स्वस्थ रहने के साथ-साथ रोजगार में अवसर प्राप्त होता है। जिलाधिकारी ने उप क्रीड़ाधिकारी को सख्त निर्देश दिये हैं कि स्टेडियम परिसर में बिना कार्ड के प्रवेश न दिया जाये और अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाये।
बैठक में जिला पंचायतराज अधिकारी श्री नत्थूलाल सिंह, खण्ड विकास अधिकारी सैदनगर, श्री पियूष वर्मा, प्रभारी युवा कल्याण एवं प्रा०वि०द० अधिकारी, श्री नन्दन सिंह सहित अन्य अधिकारीगण एवं खेल संघों के पदाधिकारीगण मौजूद रहे।
