बीसलपुरः अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पलटने से चार लोग गंभीर रूप से घायल
August 29, 2025
बीसलपुर। लापरवाही से चलाए जा रहे ई-रिक्शा ने शनिवार को बड़ा हादसा कर दिया। बीसलपुर-बिलसंडा मार्ग पर मानपुर चैराहे के निकट अचानक अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, जनपद शाहजहांपुर के गांव मुड़िया भगवंतपुर निवासी हरिओम पुत्र रामकुमार अपनी पत्नी रेशम प्यारी के साथ कुआं डंडा खजन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव नौगामियां अकोड़ा निवासी राजकुमार अपनी पुत्री के साथ बीसलपुर आ रहे थे। सभी लोग ई-रिक्शा पर सवार थे कि तभी वाहन चालक की लापरवाही से रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया।ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।ग्रामीणों का कहना है कि कई बार ई-रिक्शा चालक तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग करते हैं, जिससे आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
