बलिया। कठिन परिश्रम हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है। अगरसंडा स्थित सनबीम स्कूल में विद्यालय के शिक्षक नवचंद्र तिवारी को नमन हाल में प्रार्थना सभा के दौरान मंच पर उनके कार्य को देखते हुए सम्मानित किया गया।
बता दें कि नवचंद्र तिवारी ने कक्षा 7 सी के बच्चों को ब्राइ बुक्स लिखने के लिए लगातार मोटिवेशन किया था। अड़तीस बच्चों ने अपनी कहानियों द्वारा चार-पांच दिन के दौरान 180 पुस्तकें ऑनलाइन लिखकर एक कीर्तिमान स्थापित कर डाली। छात्र ऋषभ राज ने सर्वाधिक 31 पुस्तकें लिखी थीं। संस्था को ऑर्डर कर ऐसी पुस्तक मंगाई जाती हैं। विद्यालय के पुस्तकालय में ऐसी पुस्तकों को बच्चे बड़े मन से पढ़ते हैं। अन्य कक्षाओं के बच्चों ने भी अच्छी संख्या में पुस्तकें लिखी थीं। बच्चों के इस अथक प्रयास पर संपूर्ण सनबीम परिवार ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। उनकी सराहना की।
विद्यालय के प्रशासक संतोष कुमार चतुर्वेदी व विंग कोऑर्डिनेटर जयप्रकाश यादव द्वारा सम्मानित शिक्षक नवचंद्र तिवारी ने कहा कि यह सम्मान बच्चों के सतत व कठिन प्रयास को समर्पित है। सनबीम के बच्चों का कोई मुकाबला नहीं है। बच्चा -बच्चा कर्मठता व कौशल से पूर्ण है। वह हर मुकाबले में खरा उतरने का प्रयास करता है व कर दिखाता है। शिक्षक विनीत कुमार दुबे व कुणाल सिंह की भी प्रशंसा हुई।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त विद्यार्थी व शिक्षकगण मौजूद रहे। विद्यालय के निदेशक डॉ. कुंवर अरुण सिंह व प्रधानाचार्या डॉ. अर्पिता सिंह ने नवचंद्र तिवारी को शुभकामनाएं व बधाइयां दीं।
