अमेठीः सपाईयो ने मनाया संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस, बोले विधायक राजेन्द्र कुमार-सपा इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर लड़ेगी चुनाव
July 26, 2025
अमेठी। संविधान की गरिमा, आरक्षण के महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को वृंदावन होटल, बाईपास, दुर्गापुर रोड बगल स्थित परिसर में संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक राजेन्द्र कुमार (गोहना, मऊ) का कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। जैसे ही विधायक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारों और तालियों के साथ उनका अभिनंदन किया। विधायक राजेन्द्र कुमार ने कहा कि बुद्धिजीवियों द्वारा उठाए गए सवाल बेहद गंभीर और महत्वपूर्ण हैं। उन्हीं विषयों पर चर्चा करने के लिए वे अमेठी आए हैं। उन्होंने कहा, ष्आज पूरे प्रदेश में आरक्षण दिवस मनाया जा रहा है। इसी आरक्षण ने कई क्लर्कों को कलेक्टर और बड़े अफसर बनाया है। जिस आरक्षण का आज विरोध हो रहा है, उसकी नींव राजतंत्र में ही छत्रपति शाहूजी महाराज जैसे महापुरुषों ने रखी थी। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी, ताकि संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा की जा सके। राम उदित यादव जिला अध्यक्ष, ने कहा कि संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को जीवित रखने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। समाजवादी पार्टी शुरू से ही संविधान, आरक्षण और समानता के सिद्धांतों की पक्षधर रही है। आज जिन अधिकारों को छीना जा रहा है, उनके लिए हमें एकजुट होकर आवाज बुलंद करनी होगी। छत्रपति शाहूजी महाराज, डॉ. अंबेडकर और अन्य महान विचारकों ने जो नींव रखी थी, उसे बचाने की जिम्मेदारी आज हम सबकी है। आने वाले समय में समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन मिलकर संविधान और आरक्षण विरोधी ताकतों को जवाब देगा। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेश मिश्र ने बताया कि यह आयोजन संविधान के मूल सिद्धांतों और आरक्षण व्यवस्था के समर्थन में जागरूकता फैलाने के लिए किया गया है । कार्यक्रम में शिवप्रताप यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मजदूर सभा राम सिंह, महामंत्री अरशद अहमद, गुंजन सिंह, संग्राम सिंह, घनश्याम सिंह, दीपू तिवारी, संदीप यादव, राकेश यादव कौहार, वीरेंद्र यादव, सूबेदार यादव, मुकेश यादव, मनीराम वर्मा, विपिन यादव, संतोष शर्मा, राकेश यादव, सहित सभी ब्लॉक व विधानसभा अध्यक्ष मौजूद रहे।
