मुहम्मदाबाद यूसुफपुर/गाजीपुर।श्रावण मास का पहला सोमवार श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनुपम उदाहरण बन गया। सोमेश्वरनाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ष्हर हर महादेवष् के गगनभेदी जयकारों से मंदिर प्रांगण गूंज उठा। हजारों भक्तों ने गंगाजल से शिवलिंग का जलाभिषेक कर सुख-शांति और कल्याण की कामना की।
कहा जाता है कि इस मंदिर का शिवलिंग एक किसान को खेत जोतते समय प्राप्त हुआ था, जिसके बाद यह स्थल चमत्कारी और पूजनीय मान लिया गया। क्षेत्र के अनेक शिवालयों के बावजूद सोमेश्वरनाथ धाम की प्रतिष्ठा सबसे अलग और विशिष्ट है।
श्रद्धालु दूर-दराज से पैदल चलकर गंगा स्नान करते हैं और वहां से गंगाजल लाकर बाबा भोलेनाथ को अर्पित करते हैं। इस बार भी गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ था, फिर भी आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। भक्तों ने पूरे समर्पण के साथ जल अर्पण किया।
इस आयोजन में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। कई श्रद्धालु व्रत रखकर पूजन में लीन रहे। सुबह तीन बजे से ही मंदिर में लम्बी कतारें लगने लगीं, जो पूरे दिन अनवरत जारी रहीं।
भीड़ के बावजूद प्रशासन की व्यवस्था अत्यंत सुचारु रही। सुरक्षा और प्रबंधन की उचित व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा।
श्रावण सोमवार का यह दृश्य यह सिद्ध करता है कि जब आस्था प्रबल होती है, तब हर बाधा सहज हो जाती है। सोमेश्वरनाथ मंदिर में गूंजता ष्हर हर महादेवष् का स्वर लोगों की अपार श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक बन गया।
