Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

धामी सरकार के चार साल पूरे! हरिद्वार में विकास संकल्प पर्व पर लोगों को दी 550 करोड़ की सौगात


उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में चार साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर उन्होंने राज्य के लोगों को 550 करोड़ की सौगात दी। इसके साथ ही विकास संकल्प पर्व पर राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प भी लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकास उनके लिए कोई विकल्प नहीं बल्कि उनका संकल्प है। इसी वजह से उनकी सरकार के चार साल पूरे होने पर विकास संकल्प पर्व मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साल 2021 में आज के दिन ही उन्हें उत्तराखंड की जिम्मेदारी मिली थी और तब से वह राज्य को आगे ले जाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मौके पर हरिद्वार में नदी महोत्सव का उद्घाटन भी किया। इस दौरान उन्‍होंने पूजा-अर्चना भी की। नदी महोत्सव के जरिए राज्य की विभिन्न नदियों की सफाई की जाएगी। हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार की 550 करोड़ लागत की 107 विकास योजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। उन्होंने 281 करोड़ रुपये की 100 योजनाओं का लोकार्पण और 269 करोड़ रुपये की 7 योजनाओं का शिलान्यास किया।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड सीएम के रूप में चार साल पूरे करने के बाद एक्स पर पीएम मोदी को धन्यवाद दिया और कहा कि ये चार साल राज्य के विकास के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने लिखा "प्रिय प्रदेशवासियों, आप सभी के स्नेह, प्रेम और आशीर्वाद से आज मुख्यसेवक के रूप में 4 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण किया है। आदरणीय प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा और मार्गदर्शन से ये 4 वर्ष देवभूमि उत्तराखंड को देश के श्रेष्ठ राज्यों में शामिल करने के हमारे प्रयासों को समर्पित रहे हैं। इन 4 वर्षों में हर मोर्चे पर आपसे मिला अपार समर्थन मेरे लिए न केवल हर्ष का विषय रहा है बल्कि यह एक जिम्मेदारी का एहसास भी था जो दिन-रात देवतुल्य जनता की आशाओं और आकांक्षाओं की पूर्ति हेतु पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करता रहा है।"

सीएम धामी ने लिखा "भाइयों-बहनों, जहां इन 4 वर्षों में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, सख्त धर्मांतरण कानून, दंगारोधी कानून लागू कर सुशासन के संकल्प को पूरा किया है वहीं लैंड जिहाद, लव जिहाद, अवैध मदरसों व अतिक्रमण पर निरंतर कार्रवाई और सख्त भू-कानून लागू कर देवभूमि के मूल स्वरूप की रक्षा हेतु अपनी प्रतिबद्धता को साबित किया है। इन 4 वर्षों में एक ओर जहां प्रदेश सतत विकास के लक्ष्यों की प्राप्ति में देश का अग्रणी राज्य बना है वहीं दूसरी ओर कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए इकोलॉजी, इकॉनमी और टेक्नोलॉजी के बेहतर समन्वय से रोड, रेल और रोपवे निर्माण के क्षेत्र में भी नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है।"

पुष्कर सिंह धामी ने लिखा "सीएम हेल्पलाइन 1905 और 1064 विजिलेंस ऐप से सदैव आम जनमानस के विश्वास को जीतने का प्रयास किया है और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत मगरमच्छ जैसे भ्रष्टाचारियों को सलाखों के पीछे भेजकर एक सख्त संदेश भी दिया। युवा साथियों को इन 4 वर्षों में पूर्ण पारदर्शिता के साथ 23000 से भी अधिक सरकारी नौकरी दी है और महिलाओं को 30% क्षैतिज आरक्षण देकर उनकी सशक्त भागीदारी भी सुनिश्चित की है। यही कारण है कि आज प्रदेश में बेरोजगारी दर तेजी से घटी है जो कि राष्ट्रीय औसत से भी कम है।"

मुख्यमंत्री धामी ने बताया "धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों के फलस्वरुप प्रत्येक वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु चारधाम यात्रा एवं कांवड़ यात्रा में देवभूमि उत्तराखंड पधार रहे हैं। धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के पुनर्विकास, साहसिक पर्यटन को बढ़ावा, स्थानीय उत्पादों का बढ़ चढ़कर प्रचार-प्रसार, होम स्टे योजना के माध्यम से स्वरोजगार, छात्रवृत्ति योजनाएं, खेल और खिलाड़ियों के लिये बेहतर सुविधाएं, किसान कल्याण, सैनिक कल्याण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व कार्य आज देवभूमि उत्तराखंड के विकास का नया अध्याय लिख रहे हैं। प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देते हुए रिकॉर्ड ₹ 3.5 लाख करोड़ के MOU साइन किए और अभी तक ₹ 1 लाख करोड़ के निवेश की ग्राउंडिंग कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में आगामी वर्षों में देवभूमि उन्नति और प्रगति के क्षेत्र में नये सोपान गढ़ने को तैयार है। देवभूमि उत्तराखंड की सेवा का अवसर प्रदान करने के लिए देवतुल्य जनता और केंद्रीय नेतृत्व का हार्दिक आभार।"

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |