Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

नेवी अफसर पति से मिलकर लौट रही थी महिला पायलट, कैब में हुई छेड़छाड़


मुंबई में एक 28 वर्षीय महिला पायलट के साथ कैब में यात्रा के दौरान छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। पीड़िता गुरुवार देर रात दक्षिण मुंबई से अपने घर घाटकोपर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में कैब ड्राइवर ने गाड़ी का रूट बदला और दो अनजान लोगों को अंदर बैठा लिया। इसके बाद दोनों युवकों ने महिला के साथ छेड़छाड़ की। मुंबई पुलिस ने कैब ड्राइवर समेत तीन लोगों पर यौन उत्पीड़न और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है।

महिला पायलट गुरुवार रात करीब 11 बजे फोर्ट छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से कैब में बैठीं। वह अपने नेवी अफसर पति से मिलने के बाद अकेली घर लौट रही थीं। यात्रा शुरू होने के कुछ समय बाद कैब ड्राइवर ने रास्ता बदला और दो अनजान युवकों को कैब में बैठा लिया। एक युवक पीछे महिला के बगल में बैठ गया और उसने महिला का हाथ मरोड़ा और उसकी जांघ को छुआ। जब महिला ने विरोध किया और चिल्लाई, तो दूसरे युवक ने उसे धमकाया। थोड़ी देर में कैब एक पुलिस नाके के पास से गुजरी, जिसे देखकर दोनों युवक कैब से उतरकर भाग निकले।

दोनों युवकों के भागने के बाद ड्राइवर बिना कुछ कहे महिला को उसके घर छोड़कर चला गया। अगले दिन महिला ने अपने पति के साथ जाकर घाटकोपर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फिलहाल कैब ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(1) (यौन उत्पीड़न), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुंबई में 28 वर्षीय महिला एयरलाइन पायलट के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप में पुलिस ने उबर कैब के ड्राइवर और दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। महिला का पति नौसेना में अधिकारी है, लेकिन उसे अभी तक सरकारी आवास नहीं मिला है, इसलिए वह नौसेना के आवासीय परिसर में रहता है, जबकि महिला घाटकोपर में रहती है। गुरुवार रात एक रेस्तरां में डिनर करने के बाद उसके पति ने उसके लिए उबर की सवारी बुक की। महिला के अनुसार, कैब ड्राइवर ने यात्रा के 25 मिनट बाद रूट बदल दिया। रात 11.25 बजे के करीब दो और लोग कैब में आए और महिला से छेड़छाड़ की। महिला ने जब ड्राइवर से पूछा कि उसने दो अनजान लोगों को कैब में क्यों बैठने दिया तो उसने कोई जवाब नहीं दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |