पीलीभीतः कांग्रेस ने घर-घर जागरूकता अभियान की घोषणा की, शहर कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित हुई बैठक! राबिया शबनम ने केंद्र सरकार की नीतियों पर साधा निशाना, श्रमिकों व किसानों के हक की उठाई आवाज
June 22, 2025
पीलीभीत। शहर कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक कांग्रेस कार्यालय पर संपन्न हुई, जिसमें संगठन के विस्तार और जनजागरूकता अभियान को लेकर रणनीति तय की गई। बैठक में शहर कांग्रेस की समन्वयक राबिया शबनम ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत को स्वतंत्र कराने में कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। कांग्रेस ने दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए सतत संघर्ष किया और देश के नौजवानों, किसानों, मजदूरों तथा हथकरघा कामगारों को उनके हक दिलाए।
राबिया शबनम ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए घरेलू उद्योगों को बढ़ावा दिया था, लेकिन आज के दौर में श्रमिकों और कारीगरों को उनके श्रम का उचित मेहनताना नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार की नीतियों से सिर्फ पूंजीपतियों और उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष कृष्णा गंगवार ने कहा कि पीलीभीत शहर के प्रत्येक वार्ड में कांग्रेस कमेटी का गठन किया जा चुका है। कांग्रेस पार्टी अब घर-घर जाकर जनजागरूकता अभियान चलाएगी और अपनी नीतियों को आम जनमानस तक पहुंचाएगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सैयद तौकीर अहमद, इकबाल हुसैन, लेखराज राठौर, हरिशंकर कश्यप, मुन्ने खां, देवेंद्र राठौर, अरविंद पटेल, मुशीर अहमद, कमल कुमार शर्मा, रिजवान मियां, नफीसा बी, राजविंदर कौर, शाहरुख खान, पुष्पेंद्र मोहन शुक्ला, रमेश राठौर, इरफान, छेदलाल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।