बलियाः डीएम के जनता दर्शन में शारदा देवी ने उपस्थित होकर जिंदा होने का किया दावा, बोली- मुझे मृतक दिखाकर बड़े पिताजी के पुत्रों ने नाम राजस्व अभिलेखों में कराया दर्ज
June 19, 2025
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दर्शन के दौरान आमजन की शिकायतों को सुनकर जूम के माध्यम से जुड़े हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से समस्या को निस्तारित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के जनता दर्शन में शारदा देवी पत्नी प्रेमनाथ सिंह निवासी बसंतपुर तहसील बैरिया ने प्रार्थना पत्र देते हुए कहा कि मैं प्रत्यक्ष जिंदा हूं। लेकिन राजस्व अभिलेखों में मुझे मृत दिखाकर बड़े पिताजी के पुत्रों ने वसीयत को बदलवाकर, राजस्व अभिलेखों में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
शारदा देवी ने जिलाधिकारी को बताया कि वे अपने पिता स्वर्गीय राजा राम सिंह की एक मात्र संतान हैं। पिताजी की मृत्यु के बाद उनका नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज हुआ था। लेकिन वर्ष 2023 में उनको मृत दिखाकर उनके बड़े पिताजी के पुत्रों ने अपना नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज करा लिया है।
जिलाधिकारी ने यह प्रकरण जीवित को मृत दिखाकर वरासत कराए जाने का मामला सामने आने पर उप जिलाधिकारी बैरिया को जांच अधिकारी नामित कर आगामी तीन दिन में विस्तृत आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
