लखनऊ: शहर के किसी भी कोने में कूड़े का ढेर जमा नहीं होना चाहिये- नगर आयुक्त
April 25, 2025
लखनऊ। नगर निगम के नवनियुक्त नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कार्यभार संभालने के बाद शुक्रवार शाम को नवीन समिति कक्ष में टैक्स विभाग की पहली बैठक ली। इस अहम बैठक में चीफ टैक्स असेसमेंट ऑफिसर, समस्त जोनल अधिकारी, टैक्स सुप्रिटेंडेंट और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में स्वच्छता, नालियों की सफाई और टैक्स वसूली को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
गौरव कुमार ने मानसून से पहले शहर की नालियों की सफाई को प्राथमिकता देते हुए सभी जोनल अधिकारियों को शनिवार से एक सप्ताह तक विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या को रोकने के लिए नगर निगम को अभी से सक्रिय होकर काम करना होगा। इस दिशा में उन्होंने सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में एक मीटर चैड़ी नालियों की सूची तैयार करने का भी आदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के किसी भी कोने में कूड़े का ढेर जमा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, “हर क्षेत्र में प्रतिदिन कूड़ा उठाया जाना चाहिए। ऐसी कोई भी शिकायत नहीं आनी चाहिए कि कूड़ा कई दिनों से नहीं उठा है। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग आवश्यक है और इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से जोनल अधिकारियों की होगी।”
सफाई के साथ-साथ टैक्स वसूली को लेकर भी नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सक्रिय होने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि टैक्स विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और गति दोनों जरूरी हैं। जनता को टैक्स संबंधी सेवाएं समय पर मिलें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो, इसके लिए विशेष प्रयास किए जाएं।