Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बाराबंकीः जैविक खेती को बढ़ावा देने ग्राम पंचायतों में जागरूकता अभियान शुरू, किसानों में दिखा उत्साह


बाराबंकी। नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग योजना के तहत 22 से 23 अप्रैल तक ग्राम पंचायत स्तर पर कृषि जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक कृषि विधियों से जोड़ना और रासायनिक उर्वरकों की जगह जैविक विकल्पों को अपनाने हेतु प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड रामनगर के ग्राम रामपुरवा और गोंधोसी तथा विकासखंड सिद्धौर के टेकुआ गांव में जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इसमें ग्राम प्रधान, प्रगतिशील किसान, युवक मंगल दल, स्वयं सहायता समूह एवं महिला किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बताया कि नेचुरल फार्मिंग से उत्पादन की गुणवत्ता और भूमि की उर्वरता में सुधार होता है, जिससे किसानों को कम लागत में अधिक लाभ प्राप्त हो सकता है।

कृषि प्रसार अधिकारी एवं सहायक निदेशक (प्रशिक्षण) दिलीप मिश्रा, कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रभात श्रीवास्तव, प्रगतिशील किसान पंकज यादव, एवं अन्य विशेषज्ञों ने किसानों को जीवामृत, घनजीवामृत, नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र जैसी विधियों की जानकारी दी। उन्होंने वर्तमान में रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से उपज पर पड़ रहे नकारात्मक प्रभावों की भी चर्चा की।

इस मौके पर किसानों को बताया गया कि यदि वे स्थानीय संसाधनों से बनी जैविक विधियों को अपनाते हैं तो उत्पादन लागत में भारी कमी आएगी और बाजार मूल्य में भी अच्छी प्राप्ति होगी। इससे न केवल आय में वृद्धि होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

उप कृषि निदेशक कार्यालय, की ओर से जारी इस प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया कि इस अभियान को 100 से अधिक ग्राम पंचायतों में संचालित किया जा रहा है और भविष्य में इसे और विस्तार देने की योजना है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |