Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः खाद दुकानों पर हुई छापेमारी! 14 नमूने लिए गए, चार प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी


अमेठी। किसानों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने गुरुवार को जिले में उर्वरक बिक्री केंद्रों पर छापेमारी कर जांच अभियान चलाया। जिलाधिकारी शशांक चैधरी के निर्देश पर कृषि विभाग के अधिकारियों और उप जिलाधिकारियों की टीमों ने विभिन्न तहसीलों में उर्वरक प्रतिष्ठानों, गोदामों और बिक्री केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान 18 प्रतिष्ठानों की जांच की गई और गुणवत्ता परीक्षण के लिए उर्वरकों के 14 नमूने लिए गए। अनियमितता मिलने पर चार प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिला कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह निरंजन ने बताया कि जांच के दौरान पीसीएफ केंद्र गौरीगंज, एग्री जंक्शन केंद्र जंगल रामनगर, चैहान एग्री जंक्शन केंद्र बेनीपुर और पंकज खाद भंडार थौरा को नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्वरक बिक्री में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला कृषि अधिकारी ने सभी फुटकर उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया कि बिक्री रजिस्टर में प्रत्येक किसान का मोबाइल नंबर, खतौनी नंबर और फार्मर आईडी दर्ज करें। किसानों को उनकी बोई गई फसल की आवश्यकता के अनुसार निर्धारित दरों पर ही खाद उपलब्ध कराई जाए। निर्देशों के अनुसार प्रति हेक्टेयर अधिकतम पांच बोरी डीएपी और सात बोरी यूरिया की बिक्री सुनिश्चित करने को कहा गया है। अनुदानित उर्वरकों के साथ गैर-अनुदानित उत्पादों की टैगिंग पर भी रोक लगाई गई है। सभी प्रतिष्ठानों पर स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर, रेट बोर्ड, कैश मेमो और अनुदान संबंधी सूचना प्रदर्शित करना अनिवार्य है। पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक और दुकान पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक में अंतर नहीं होना चाहिए। जिंक, सल्फर, माइक्रो न्यूट्रिएंट्स और जैविक उर्वरकों का विवरण भी रजिस्टर में दर्ज करना होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर लाइसेंस निरस्त करने सहित विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। निरीक्षण अभियान में गौरीगंज और अमेठी क्षेत्र में उप कृषि निदेशक तथा तिलोई और मुसाफिरखाना क्षेत्र में वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए ने जांच की। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से आलू, मटर और सरसों की बुवाई में फसल की जरूरत के अनुसार एनपीके उर्वरक के संतुलित प्रयोग की अपील की। प्रशासन ने कहा कि किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |