सोनभद्र। बेलहत्थी स्थित सिरी आश्रम (बुद्ध विहार) के 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश के मैक्लोडगंज पहुंचकर परम पावन दलाई लामा से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें 22 नवंबर को सिरी आश्रम में वर्षावास समाप्ति के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विकास शाक्य ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने दलाई लामा से मुलाकात कर सोनभद्र स्थित सिरी आश्रम की गतिविधियों और वर्षावास समापन कार्यक्रम की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान दलाई लामा को सिरी आश्रम की ओर से स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने आश्रम के आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों की जानकारी साझा करते हुए उनके आशीर्वाद प्राप्त किए।
प्रतिनिधिमंडल की इस पहल को बौद्ध अनुयायियों एवं क्षेत्रीय लोगों ने महत्वपूर्ण बताया है। आश्रम प्रबंधन के अनुसार वर्षावास समाप्ति के अवसर पर 22 नवंबर को विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
