पूर्व में विभिन्न जन आंदोलनों में सक्रिय रहने के कारण उनके परिवार को प्रशासनिक कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
सोनभद्र। जंगल, जमीन, विंध्य एक्सप्रेसवे और बिजली कटौती समेत विभिन्न मांगों को लेकर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान संदीप मिश्रा ने आरोप लगाया कि विंध्य एक्सप्रेसवे परियोजना के नाम पर किसानों और ग्रामीणों की जमीन प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों में असंतोष है। उन्होंने कहा कि नगवां क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और विभाग को इस समस्या का शीघ्र समाधान करना चाहिए।
संदीप मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में विभिन्न जन आंदोलनों में सक्रिय रहने के कारण उनके परिवार को प्रशासनिक कार्रवाई का सामना करना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि उनके भाई के पेट्रोल पंप की जांच कई विभागीय टीमों द्वारा की गई थी, जिसके बाद मामला न्यायालय तक पहुंचा और न्यायिक हस्तक्षेप के बाद पेट्रोल पंप का संचालन पुनः शुरू हुआ।
उन्होंने कहा कि आईजीआरएस शिकायतों के आधार पर उनके घर पुलिस भेजी गई तथा उन्हें झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने मांग की कि उनके ऊपर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर उचित कार्रवाई न होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में नगेंद्र लाकरा, रामकरन गोण, बैजनाथ गोण, राधा धागर, बिंदू खरवार, दिनेश चेरो, आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, संजय बियार, विजय चौहान, सीता चेरो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आदिवासी समुदाय के लोग उपस्थित रहे।
