सुलतानपुर/बल्दीराय। खंड शिक्षा अधिकारी श्याम बिहारी के स्थानांतरण के अवसर पर प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ बल्दीराय इकाई एवं विभिन्न शिक्षक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में बीआरसी सभागार बल्दीराय में भावभीनी विदाई सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
समारोह में प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के ब्लॉक अध्यक्ष एवं जिला महामंत्री पवन कुमार तथा ब्लॉक महामंत्री राजदेव यादव ने बीईओ श्याम बिहारी को अंगवस्त्र, माला पहनाकर, भारतीय संविधान की पुस्तक एवं विदाई सह सम्मान प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष राजबक्श मौर्य के नेतृत्व में पदाधिकारियों द्वारा भगवान बुद्ध की प्रतिमा एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर का चित्र भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं।
प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ द्वारा दिए गए प्रशस्ति पत्र में उल्लेख किया गया कि शिक्षा जगत के एक युग का अवसान और आपके कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच तथा शिक्षा के प्रति अटूट समर्पण को यह संघ नमन करता है। आपका बल्दीराय ब्लॉक में कार्यकाल केवल एक प्रशासनिक अवधि नहीं, बल्कि शिक्षा में गुणवत्ता, अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं का स्वर्णिम अध्याय रहा है।
अपने विदाई संबोधन में खंड शिक्षा अधिकारी श्याम बिहारी ने कहा कि बल्दीराय में बिताया गया समय उनके सेवाकाल का सबसे यादगार समय रहा। उन्होंने कहा कि यहां के शिक्षकों, शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों और कर्मचारियों ने हमेशा टीम भावना से कार्य किया। आप सभी ने जो सम्मान दिया है, उसे मैं जीवन भर याद रखूंगा। शिक्षा मित्र शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके सहयोग के बिना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की कल्पना अधूरी है।
कार्यक्रम में एआरपी विकास सिंह, किरन यादव, अमरनाथ यादव, शिवाकांत वैश्य, पूर्व एआरपी रामधर यादव, बाबू रोहित रमण यादव, राममूर्ति यादव, कृष्ण कुमार, मो. शमीम, स्वामीनाथ, अरबिंद कुमार, हीरालाल यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षा मित्र व अनुदेशक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन संजय यादव ने तथा आयोजन संदीप पांडेय ने किया। अंत में ब्लॉक अध्यक्ष पवन कुमार व ब्लॉक महामंत्री राजदेव यादव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर सत्येंद्र मिश्र, जितेंद्र बहादुर सिंह, राजेश कुमार सहित सैकड़ों शिक्षक साथी मौजूद रहे।
