रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र), 11 अगस्त। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त के खिलाफ न्यायालय से निर्गत आदेशिका की तामील कराते हुए उसके घर और गांव में नोटिस चस्पा किया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान थाना रॉबर्ट्सगंज पर दर्ज मुकदमा संख्या 1100/2025 से संबंधित अभियुक्त मल्लू उर्फ अफसर पुत्र दल्लू उर्फ निसार निवासी ग्राम तकिया सुकृत, थाना रॉबर्ट्सगंज के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा जारी धारा 84 बीएनएसएस की आदेशिका का नियमानुसार अनुपालन कराया गया।
पुलिस टीम ने आदेशिका को अभियुक्त के निजी आवास के मुख्य द्वार तथा गांव के प्रवेश द्वार पर सार्वजनिक रूप से दिखाई देने वाले स्थान पर गवाहों की मौजूदगी में चस्पा किया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध बीएनएस, आर्म्स एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
कार्रवाई में लोढ़ी चौकी प्रभारी उमाशंकर यादव एवं कांशीराम आवास चौकी प्रभारी योगेन्द्र पाण्डेय शामिल रहे।
पुलिस विभाग ने बताया कि न्यायालय से निर्गत आदेशों का प्रभावी एवं नियमानुसार पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है तथा अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
