पीलीभीत। गांधी सभागार में बुधवार को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रोशनी यादव की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें किसानों ने कृषि से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधियों ने डीएपी खाद की उपलब्धता, आवारा पशुओं और बंदरों से फसलों को हो रहे नुकसान समेत किसानों की अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की। भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधि गुरदीप सिंह गोगी ने कृषक हित में समितियों पर डीएपी खाद उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। जिला सचिव शेखर दीक्षित ने जनपद में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि इनके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और किसानों की फसलें भी बर्बाद हो रही हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजने की मांग की। शेखर दीक्षित ने बीसलपुर तहसील के ग्राम रम्बोझा और पैनिया हिम्मत में बढ़ती बंदरों की संख्या का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि बंदर किसानों की खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं और कई किसानों की फसलें काफी हद तक बर्बाद हो चुकी हैं। उन्होंने बंदरों को जल्द पकड़वाने की मांग की।
वहीं, भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधि जगविन्दर सिंह ने मंडी समिति पीलीभीत स्थित इफको सेंटर पर किसानों की सुविधा के लिए टिनशेड डलवाने और पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी और धूप के बीच किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रोशनी यादव ने किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विभागों से पहुंचे अधिकारियों ने किसानों को अपने-अपने विभाग में संचालित योजनाओं और उपलब्ध अनुदान की जानकारी दी। किसान दिवस में उप कृषि निदेशक राममिलन सिंह परिहार, सहायक निबंधक सहकारिता इंदु सिंह, डीडीएम नाबार्ड सीपी त्रिवेदी, जिला कृषि अधिकारी विनीत कुमार, एडीओ-विद्युत मनोज कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी रोहित भारती, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीषा चैधरी, जिला गन्ना अधिकारी खुशीराम, मंडी सचिव प्रवीन कुमार अवस्थी, जिला उद्यान अधिकारी मृत्युंजय कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
