शुकुलबाजार/अमेठी। जनपद में खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बुधवार को नवीन तैनाती एवं अतिरिक्त प्रभार संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं। शासन के निर्देशों के अनुपालन में जारी इस आदेश के तहत कई विकास खंडों में अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जारी आदेश के अनुसार कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गौरीगंज में कार्यरत खंड शिक्षा अधिकारी हरिओम तिवारी का प्रस्तावित पदस्थापन गौरीगंज किया गया है। साथ ही उन्हें शुकुल बाजार विकास खंड का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इससे शुकुल बाजार में खंड शिक्षा अधिकारी का कार्यभार अब हरिओम तिवारी के जिम्मे रहेगा।
इसके अलावा मुंशीगंज के खंड शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार सिंह को तिलोई, जामो के श्यामनाथ को बहादुरपुर तथा भादर के शिव कुमार यादव को अमेठी विकास खंड का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं श्रीमती पूजा का प्रस्तावित पदस्थापन अमेठी से सिंहपुर किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल अपने नवीन पदस्थापन एवं अतिरिक्त प्रभार वाले विकास खंडों का कार्यभार ग्रहण कर कार्यालय को इसकी सूचना उपलब्ध कराएं, ताकि शैक्षिक एवं प्रशासनिक कार्यों का संचालन बिना किसी व्यवधान के सुचारु रूप से जारी रह सके।
