Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

रील बनाने के चक्कर में कोसी की लहरों में समाया युवक, सावन के तीसरे सोमवार को जल भरने पहुंचा था कोसी बराज


बिहार के सुपौल में सावन के तीसरे सोमवार के दिन भगवान शिव को जल चढ़ाने के लिए कोसी बराज पहुंचे एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। कांवरिया युवक को रील बनाने के चक्कर में जान गंवानी पड़ी। बताया जा रहा है कि युवक सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनवाने के चक्कर में कोसी नदी के खतरनाक और गहरे हिस्से में बने पिलर पर उतर गया था। वीडियो बनवाने के बाद जब वह खंभे के सहारे वापस पुल की ओर चढ़ रहा था, तभी अचानक उसका हाथ खंभे से छूट गया और वह उफनती कोसी नदी की तेज धारा में जा गिरा।

देखते ही देखते युवक नदी में लापता हो गया। घटना का कथित लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लापता युवक की पहचान अररिया जिले के अचरा गांव निवासी 28 साल के संजीत कुमार शर्मा के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संजीत अपने कुछ दोस्तों के साथ सावन के तीसरे सोमवार के मौके पर सुपौल के भीमनगर स्थित नेपाल क्षेत्र के कोसी बराज पर जल भरने पहुंचा था। सोमवार की सुबह करीब ढाई बजे वह कोसी बराज के 12 नंबर गेट के पास पहुंचा और जल भरने के लिए पुल से नीचे उफनती लहरों के बीच बने पिलर की ओर उतर गया। बताया जा रहा है कि संजीत वहां जल भरने के साथ-साथ वीडियो भी बनवा रहा था। इसी दौरान वह नदी के ऊपर बने पिलर के पास से वापस पुल पर आने का प्रयास करने लगा। चश्मदीदों की मानें तो वह बिजली के खंभे को पकड़कर ऊपर चढ़ रहा था, तभी अचानक उसका हाथ खंभे से छूट गया। संतुलन बिगड़ते ही वह सीधे नीचे बह रही कोसी नदी की तेज और उफनती धारा में जा गिरा।

युवक के नदी में गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते कोसी बराज पर बड़ी संख्या में कांवरियों और श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने के बाद नेपाल पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को बराज से हटाया। इसके बाद नदी में लापता युवक की खोजबीन शुरू कर दी गई। घटना के बाद से संजीत के दोस्तों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। वायरल वीडियो को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।

आपको बता दें सावन के सोमवार पर कोसी बराज पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जल भरने पहुंचते हैं। ऐसे में नदी के तेज बहाव और गहरे हिस्सों में उतरना बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है। बारिश की वजह से इन दिनों नदिया अपने उफान पर होती है। ऐसे में हादसा होते देर नहीं लगती। इसलिए सावधान बरतें और ऐसी खतरनाक जगहों पर रील और वीडियो बनाने से बचें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |