लखनऊ: बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत स्कूल बैग व पठन-पाठन सामग्री वितरित किया गया
August 18, 2026
लखनऊ। बाथम वैश्य सभा लखनऊ द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए आलमबाग स्थित मॉडर्न स्कूल में छात्राओं एवं जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क स्कूल बैग एवं पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया गया। वितरण के दौरान बच्चों को हिंदी, अंग्रेजी, कला एवं गणित की कॉपियों के साथ रबर, पेंसिल, कटर, स्केल, ज्योमेट्री बॉक्स, पेंसिल बॉक्स, पानी की बोतल एवं टिफिन बॉक्स सहित आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। नया बैग और उपयोगी शैक्षिक सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में बच्चों एवं अभिभावकों के लिए स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई। आयोजकों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य बेटियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहयोग देना है। आवश्यक शैक्षिक सामग्री उपलब्ध होने से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित होने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में सभा के मुख्य संरक्षक हरसरन लाल गुप्ता, अध्यक्ष अतुल गुप्ता, महामंत्री सुभाष गुप्ता, मनीष गुप्ता, मनोज, विकास, पीयूष सहित महिला सभा से लता गुप्ता, पिंकी, रजनी एवं रूपाली उपस्थित रहीं। सभा के पदाधिकारियों ने बच्चों को शिक्षा के प्रति निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
