प्रतापगढ़/बाबागंज। पंद्रह अगस्त के दिन जब पूरा देश आजादी का जश्न मना रहा था तो वही दूसरी ओर एक हैवान के एक किशोरी का अपहरण करके उसकी आबरू को लूट लिया। चैबीस घण्टा तक उसकी आबरू से खेलने के बाद आरोपी युवक के भाई ने किशोरी को उसके घर पहुँचा दिया। उधर जब घर पहुँची किशोरी के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की तो पुलिस ने मामलें में लीपापोती शुरू कर दी। पीड़ित द्वारा पूरे मामले की शिकायत एसपी से करने के बाद स्थानीय पुलिस अब हरकत में आई है।
महेशगंज क्षेत्र के डिहवा जलालपुर गांव की रहने वाली एक 14 वर्षीय किशोरी महेशगंज थाना क्षेत्र के बल्ला गांव के एक कॉलेज की छात्रा है। 15 अगस्त के दिन वह स्कूल में ध्वजारोहण कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद अपनी सहेलियों के साथ से अपने घर वापस जा रही थी। तभी कुंडा कोतवाली क्षेत्र के लरू गांव का रहने वाला एक युवक बाइक से आया और किशोरी को जबरिया अपनी बाइक पर बैठाकर अपने साथ लेकर भाग गया। घर पहुँची किशोरी की सहेलियों ने घटना की जानकारी किशोरी के पिता को दी। दूसरे दिन घर पहुँची किशोरी ने बताया कि युवक ने उसके साथ किसी अन्य के घर में ले जाकर उसके साथ जबरिया सम्बंध बनाया और घटना के बारे में किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़िता के पिता ने महेशगंज थाने जाकर तहरीर दिया लेकिन पुलिस ने मामलें को लीपापोती करके टाल दिया। पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही न करने पर सोमवार को पीड़िता के पिता ने एसपी से पूरे मामलें की शिकायत की तो एसपी की सख्ती के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई और मामलें को लेकर जांच शुरू की। खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई भी आधिकारिक बयान नही दिया गया। एसओ संदीप तिवारी ने महज थोड़ी देर में जानकारी देने की बात कही।
