भीनमाल के सरकारी हॉस्पिटल में डॉक्टर को थप्पड़ जड़े, सिर पर नेम प्लेट मारी, कॉलर पकड़कर दिया धक्का
August 19, 2026
राजस्थान के जालोर जिले के भीनमाल उप जिला अस्पताल में पीएमओ के चैंबर में घुसकर एक युवक ने डॉक्टर को थप्पड़ मारे। युवक हाथ में पर्ची लेकर डॉक्टर के चैंबर में पहुंचा और बातचीत के दौरान कहासुनी के बाद मारपीट शुरू कर दी। अस्पताल कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया, लेकिन युवक ने दो-तीन बार चैंबर में पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट की। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
अस्पताल में पीएमओ डॉक्टर के साथ चैंबर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आने के बाद चिकित्सा जगत में रोष है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक युवक डॉक्टर के चैंबर में पहुंचकर बातचीत के दौरान धमकाते और मारपीट करते नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार आरोपी युवक वकील है। वह हाथ में कुछ पर्चियां लेकर पीएमओ डॉक्टर नेमीचंद संघवी के चैंबर में पहुंचा था। शुरुआत में युवक डॉक्टर के साथ बैठकर बातचीत कर रहा था। बताया जा रहा है कि अस्पताल के ओपीडी काउंटर पर कार्यरत एक संविदाकर्मी की सैलरी को लेकर युवक डॉक्टर से बातचीत करने पहुंचा था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद युवक ने डॉक्टर के साथ मारपीट शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज में युवक को चैंबर के अंदर डॉक्टर के साथ हाथापाई करते हुए देखा जा सकता है। मौके पर मौजूद अन्य डॉक्टर और अस्पताल कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति संभालने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बावजूद युवक दो-तीन बार चैंबर में पहुंचा और डॉक्टर के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
