Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

मुंबई में तेज आवाज में गाने बजाने को लेकर भिड़ गए एक ही परिवार के लोग, पिता-पुत्र की मौत


महाराष्ट्र के मुंबई के विक्रोली में एक ही परिवार के लोग तेज आवाज में गाने बजाने को लेकर आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे पिता-पुत्र की मौत हो गई। परिवार के दो सदस्य घायल हुए हैं। घटना गुरुवार तड़के की है। विक्रोली पश्चिम के राहुल नगर इलाके में पार्कसाइट पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत चाकू से हमला करने की सनसनीखेज वारदात हुई।

हमले में सुनील विश्वकर्मा (40) और उनके बेटे श्लोक विश्वकर्मा (14) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सुनील की पत्नी अंजू विश्वकर्मा और छोटे बेटे विवान विश्वकर्मा को भी चाकू से चोटें आई हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। शुरुआती जांच के मुताबिक, तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर आपत्ति जताने के बाद परिवार के सदस्यों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान मारपीट शुरू हो गई और कई लोगों पर लात-घूंसों के साथ चाकू से हमला किया गया।

पार्कसाइट पुलिस ने मामले में सुरेंद्र विश्वकर्मा और सूरज विश्वकर्मा को हिरासत में लिया है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है और फॉरेंसिक टीम द्वारा जांच की जा रही है। मामले में सभी कानूनी प्रक्रियाएं जारी हैं। पुलिस हमले के पीछे की वजह और घटना की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक सुनील विश्वकर्मा समेत चार भाई एक ही घर में रहते थे। इनमें से दो भाई नीचे के फ्लोर पर और दो भाई ऊपर वाले फ्लोर पर रहते थे। मृतक सुनील ने तड़के चार बजे तेज आवाज में गाने बजाना शुरू कर दिया। इससे अन्य लोग परेशान हो गए। सुनील के भाई उन्हें रोकने के लिए पहुंचे तो विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बड़ गया कि सुनील पर उसके भाइयों ने ही लात, घूसों और चाकू से हमला कर दिया। सुनील के 14 साल के बेटे पर भी जानलेवा हमला हुआ। इस हमले में सुनील का दूसरा बेटा और पत्नी भी घायल हुए हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |