तिलोई: बाइक की टक्कर से महिला समेत तीन घायल
August 22, 2026
तिलोई/अमेठी। थाना मोहनगंज क्षेत्र में रायबरेली-अयोध्या मार्ग पर महिंद्रा एजेंसी के सामने सोमवार दोपहर मोटरसाइकिल और पैदल जा रही महिला के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में महिला समेत बाइक सवार युवक और उसकी भाभी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, ग्राम करोका के मजरे भदसाना निवासी मालती पत्नी मनीराम (35) पैदल जा रही थीं। इसी दौरान रायबरेली जनपद के थाना चन्दापुर क्षेत्र के देवतरा निवासी सचिन कुमार (20) अपनी भाभी शिवपता पत्नी राजकुमार के साथ मोटरसाइकिल से जगदीशपुर की ओर से वापस अपने घर जा रहे थे। मोहनगंज कस्बे के समीप महिंद्रा एजेंसी के सामने अचानक मोटरसाइकिल और महिला की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में मालती, सचिन कुमार और शिवपता घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना मोहनगंज पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय दुकानदारों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला रेफरल अस्पताल लोधवारिया भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। समाचार लिखे जाने तक घायलों का इलाज जारी था। इस संबंध में थाना अध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि सड़क हादसे की जानकारी मिली है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
